15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
सतपुड़ा एक्सप्रेस पांढुर्णा । ग्राम तिगांव के ग्रामीणों ने मुख्य बस स्टैंड के समीप संचालित शासकीय देशी-विदेशी मदिरा दुकान को गांव की आबादी से बाहर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बस स्टैंड और रिहायशी क्षेत्र के बीच शराब दुकान संचालित होने से सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा महिलाओं और छात्राओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि शराब दुकान के सामने बस स्टैंड होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं, महिलाएं और ग्रामीण यहां आवागमन करते हैं। ऐसे में दुकान के आसपास नशे की स्थिति में रहने वाले लोगों की गतिविधियों से असुरक्षा का माहौल बनता है। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से शराब दुकान को आबादी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया कि दुकान के आसपास आयुर्वेदिक चिकित्सालय, साईंबाबा मंदिर तथा कई परिवारों के आवास स्थित हैं। धार्मिक महत्व वाले तिगांव ग्राम में वर्षभर विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, इसलिए गांव के मध्य शराब दुकान का संचालन स्थानीय लोगों की भावनाओं के अनुरूप नहीं है।ज्ञापन में शराब दुकान के संचालन से जुड़े नियमों और आवश्यक अनुमतियों पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों ने राज्य सरकार द्वारा धार्मिक और आबादी वाले क्षेत्रों में शराब दुकानों के संबंध में लिए गए निर्णयों का हवाला देते हुए दुकान को ग्राम सीमा के बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भीमराव वालके, तेली समाज अध्यक्ष किसना फरकसे, सेवानिवृत्त प्राचार्य सुधाकर चोपड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।















