Home CITY NEWS पेंच टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में अवैध घुसपैठ, मछली शिकार करते...

पेंच टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में अवैध घुसपैठ, मछली शिकार करते एक आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।पेंच टाइगर रिजर्व अंतर्गत गेम रेंज गुमतरा के परिक्षेत्र सहायक वृत्त जमतरा की बीट नाहरझिर में प्रतिबंधित कोर क्षेत्र नाहरझिर तालाब के पास अवैध रूप से प्रवेश कर मछलियों का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी फेली पिता लाखन वर्मा, निवासी तितरी थाना चांद, जिला छिंदवाड़ा को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

वन विभाग के अनुसार घटना टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र की है, जहां बिना वैध अनुमति किसी भी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है और यह कानूनन दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।बताया गया कि टाइगर रिजर्व में बाघों की मॉनिटरिंग एवं अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर आधुनिक निगरानी प्रणाली लगाई गई है। इसी निगरानी तंत्र के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग के मैदानी अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय छिंदवाड़ा में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।वन विभाग ने बताया कि हाल के दिनों में बफर क्षेत्र के गांवों में मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व की घटनाओं को देखते हुए लगातार बाघ चौपाल, ग्राम समिति बैठकों, मुनादी और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग निजी स्वार्थ के चलते वन क्षेत्रों में प्रवेश कर स्वयं एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं।

पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें