Home CITY NEWS मंडलाफोर्ट से छिंदवाड़ा एवं जबलपुर के लिए सीधी रेल सेवाओं का हुआ...

मंडलाफोर्ट से छिंदवाड़ा एवं जबलपुर के लिए सीधी रेल सेवाओं का हुआ शुभारंभ

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को किया रवाना

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।दपूमरे, नागपुर मंडल – 09 मई 2026*दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर रेल संपर्क को ध्यान में रखते हुए मंडलाफोर्ट–छिंदवाड़ा एवं मंडलाफोर्ट–जबलपुर के मध्य नई सीधी रेल सेवाओं का शुभारंभ आज दिनांक 09 मई 2026 को मंडलाफोर्ट रेलवे स्टेशन पर किया गया। इसी कड़ी में दिनांक 10 मई 2026 को गाड़ी संख्या 51704/51703 (मंडलाफोर्ट – जबलपुर – मंडलाफोर्ट) को अपने निर्धारित समय में परिचालन किया जाएगा।इस अवसर पर मंडला के माननीय सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा इस नई रेल सेवाओं का शुभारंभ किया तथा हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

रेल प्रशासन द्वारा पूर्व में संचालित गाड़ी क्रमांक 58828 मंडलाफोर्ट–नैनपुर एवं 58824 नैनपुर–छिंदवाड़ा रेल सेवाओं का विलय कर मंडलाफोर्ट–छिंदवाड़ा सीधी रेल सेवा (गाड़ी क्रमांक 58824) प्रारंभ की गई है। इसी प्रकार गाड़ी क्रमांक 51712 मंडलाफोर्ट–नैनपुर एवं 51706 नैनपुर–जबलपुर रेल सेवाओं के स्थान पर मंडलाफोर्ट–जबलपुर सीधी रेल सेवा (गाड़ी क्रमांक 51706) का संचालन प्रारंभ किया गया है।इन नई सीधी रेल सेवाओं के प्रारंभ होने से यात्रियों को अब नैनपुर स्टेशन पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम, सुविधाजनक एवं समय की बचत करने वाली बनेगी। इससे मंडला, नैनपुर, छिंदवाड़ा एवं जबलपुर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा एवं बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।

ट्रेनों को रवाना करने के पश्चात माननीय सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इस नई रेल सेवा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं भारतीय रेलवे द्वारा लगातार यात्री सुविधाओं के विस्तार हेतु कार्य किए जा रहे हैं तथा यह नई रेल सेवा क्षेत्रीय विकास एवं आवागमन को और अधिक सशक्त बनाएगी। इस दौरान सांसद महोदय ने रेलवे प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना भी की।इस गरिमामयी समारोह में नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा नई रेल सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु निरंतर किए जा रहे प्रयासों के अंतर्गत यह पहल क्षेत्रीय रेल परिवहन को नई दिशा प्रदान करेगी तथा आम यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें