सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम परिषद की बैठक सोमवार को आयोजित की गई, जो करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली। बैठक में महापौर माननीय विक्रम सिंह अहके, निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो, आयुक्त सी.पी. राय, उपायुक्त कमलेश निर्गुणकर, निगम सचिव मोहन नागदेव सहित सभी सभापति, विभिन्न वार्डों के पार्षद, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।परिषद की बैठक में ‘नारी शक्ति वंदन’ प्रस्ताव के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यह विशेष प्रस्ताव मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1956 की धारा 30 एवं नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 57 के तहत सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसमें ‘नारी शक्ति वंदन’ विषय पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया गया, जो नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 97 के अंतर्गत आय-व्यय के अनुमान के आधार पर तैयार किया गया है। बजट में कुल 305 करोड़ 95 लाख 3 हजार 500 रुपये की आय तथा 305 करोड़ 94 लाख 88 हजार 500 रुपये का व्यय निर्धारित किया गया है, जिससे 15 हजार रुपये का लाभ दर्शाया गया है। इसमें राजस्व आय 154.59 करोड़ रुपये, पूंजीगत आय 151.35 करोड़ रुपये तथा राजस्व व पूंजीगत व्यय भी इसी अनुपात में निर्धारित किए गए हैं।
बजट के प्रमुख घटकों में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत लगभग 180 किलोमीटर जलप्रदाय पाइपलाइन बिछाने एवं 5 नई पानी की टंकियों के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत 75 करोड़ रुपये है। इसके अलावा निगम द्वारा दो नई जेसीबी मशीनों की खरीद तथा 2 करोड़ रुपये की लागत से नए फायर स्टेशन के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है।
दूसरे प्रस्ताव के तहत ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण को स्वीकृति दी गई। मौजा सारसवाड़ा एवं माल्हनवाड़ा में कुल 198550 वर्गमीटर भूमि इस परियोजना हेतु आवंटित की गई है। भूमि के समतलीकरण, सड़क, नाली एवं अधोसंरचना विकास कार्यों के लिए लगभग 4692.49 लाख रुपये की डीपीआर तैयार की गई है।
तीसरे प्रस्ताव में चंदनगांव बोदरी पुल के पास स्थित नगर निगम स्वामित्व की भूमि को लीज पर देने का निर्णय लिया गया।
चौथे प्रस्ताव में जामुनझिरी क्षेत्र में बस टर्मिनल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं इंटीग्रेटेड टाउनशिप निर्माण हेतु लगभग 11.003 हेक्टेयर (27.18 एकड़) शासकीय भूमि के आवंटन को मंजूरी दी गई।
परिषद द्वारा सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिससे शहर में बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।
पार्षद संदीपसिंह चौहान का अनोखा अंदाज
पार्षद संदीपसिंह चौहान का अनोखा अंदाज देखने मिला उन्होंने कमिश्नर से नलों में आ रहा दूषित स्वयं पानी पीने की मांग कर दी और उनके टेबल में बैठकर अपने जनता की मांग से अवगत कराया।
जनता के लिए जनसेवक पार्षद संदीपसिंह चौहान कुछ भी करने को तैयार है। जनसमस्या का यदि निराकरण नहीं हुआ तो वे जान भी दे देंगे।उनका कहना है कि जल की समस्या का शीघ्र निराकरण हो पानी साफ और शुद्ध मिले। उनके क्षेत्र की जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होना चाहिए।
यदि अधिकारी नहीं सुनेंगे दंड मिलेगा। जलकर, कचरा कर, संपत्ति कर कम करने की मांग भी की। बैकडोर एंट्री में काम नहीं करने वालों को निकला जाए। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है लेकिन कुछ अधिकारियों के कारण जनता को परेशानी होती है तो सख्त रुख अपनाना पड़ता है।















