सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/ 11 अप्रैल 2026/ भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके आज जिले के विकासखंड तामिया के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। तामिया स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में उनके आगमन पर महापौर विक्रम अहके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
प्रवास के दौरान मंत्री श्री उइके ने शासकीय महाविद्यालय तामिया का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं का अवलोकन कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि संवेदनाओं का संरक्षण भी है। यदि व्यक्ति में संवेदनाएं नहीं हैं, तो वह समाज के लिए चुनौती बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को एकाग्रता का महत्व बताते हुए कहा कि चंचल मन व्यक्ति को लक्ष्य से भटका देता है, जबकि एकाग्रता ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रशासनिक सेवाओं जैसे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर एवं इंजीनियर बनने का लक्ष्य निर्धारित करें और निरंतर मेहनत करें। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में भविष्य के अधिकारी दिखाई देते हैं, जो क्षेत्र एवं देश को आगे ले जाएंगे। विद्यार्थियों से किया संवाद- संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर मंत्री श्री उइके से प्रश्न पूछे। एक छात्रा द्वारा क्षेत्र में नई योजनाओं या प्रोजेक्ट के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सरकार जनजातीय वर्ग के कौशल उन्नयन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनजातीय कार्य मंत्रालय के साथ अन्य विभाग भी युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। एक छात्र द्वारा तामिया में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं प्रारंभ करने के संबंध में प्रश्न पूछे जाने पर मंत्री श्री उइके ने कहा कि शासन आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए सतत प्रयासरत है और इस विषय पर आवश्यक चर्चा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रवास के दौरान मंत्री श्री उइके ने महाविद्यालय परिसर में हरसिंगार का पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर महापौर श्री विक्रम अहके, राज्य भारिया प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार अंगारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने तामिया प्रवास के दौरान ग्राम मोयापानी में होम स्टे का किया भ्रमण
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके द्वारा तामिया प्रवास के दौरान विकासखंड तामिया के ग्राम मोयापानी पहुंचकर श्री बलीराम सत्यम के होम स्टे का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने होम स्टे की व्यवस्थाओं एवं स्थानीय स्तर पर संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया।
प्रवास के दौरान मंत्री श्री उइके द्वारा स्थानीय व्यंजनों सरसों का साग एवं मक्के की रोटी का स्वाद लिया गया। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा जिला राज्य में सर्वाधिक होम स्टे संचालित करने वाले जिलों में शामिल है, जहां तामिया क्षेत्र विशेष रूप से ग्रामीण पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।















