छोटा तालाब में हुई गंगा आरती एवं भजन संध्यामुख्यमंत्री डॉ.यादव की वर्चुअल उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम का समापन
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा/ 16 जून 2024/ शासन द्वारा 05 जून से 16 जून तक चलाए गये जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन कार्यक्रम आज छिंदवाड़ा शहर के छोटा तालाब में आयोजित किया गया। जिसमें जल गंगा संवर्धन अभियान के उज्जैन में आयोजित राज्य स्तरीय समापन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा व सुना गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा आम जन को संबोधित किया गया। संबोधन के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा उज्जैन में शिप्रा नदी का पूजन किया गया। इस दौरान छोटा तालाब में आयोजित कार्यक्रम में छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू द्वारा छोटा तालाब में गंगा जल को छोड़ा गया एवं सभी आगंतुकों द्वारा गंगा आरती की गई।
अपने उद्बोधन में सांसद श्री साहू ने कहा कि आज अभियान का सांकेतिक समापन है, यह जल संरक्षण का अभियान सतत रूप से चलता रहेगा। इस अभियान में 1480 स्थानों पर एक साथ जल संरक्षण एवं जल स्त्रोतों के संरक्षण का कार्य प्रारंभ किया गया। सांसद श्री साहू ने जल स्त्रोतों के उद्गम स्थलों पर पौधरोपण करने की बात कही। उद्बोधन के उपरांत कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन की शपथ दिलाई गई। इसके बाद चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र दिए गए। स्वच्छता अभियान 2024 के अंतर्गत इस कार्यक्रम को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद श्री साहू, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, सीईओ जिला पंचायत पार्थ जैसवाल, नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय, निगम के नेता प्रतिपक्ष विजय पांडे, पार्षद गरिमा प्रतीक दामोदर, किरण सोनी, लोकेश डेहरिया, राहुल उईके, ब्रजेश टिंकू राय, संजीव यादव, प्रमोद शर्मा, बलराम साहू, राजकुमार बघेल, जगदीश गोदरे, हरिओम सोनी, संतोष राय, अभिलाष गोहर, जगेंद्र अल्डक, अरविंद राजपूत, अंकुर शुक्ला, मनोज सक्सेना, ओम चौरसिया, अमित माहोरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं आम जन उपस्थित थे।05 जून से 16 जून तक आयोजित हुई विभिन्न गतिविधियां- शासन द्वारा चलाए गये जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा 5 जून से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर श्री सिंह एवं नगर निगम आयुक्त श्री राय के निर्देश पर इस अभियान के अंतर्गत सबसे पहले सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर छोटा तालाब कुंड, पातालेश्वर मंदिर कुंड की सफाई की गई एवं मंदिर के पास स्थित नाले की भी मशीनों की सहायता से सफाई कराई गई। इस अभियान में सांसद श्री साहू द्वारा बड़ा तालाब की सफाई की गई जिसमें बड़ी संख्या में आम जन शामिल हुए। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत छोटी बाजार स्थित श्रीराम मंदिर से हनुमान जी की बावड़ी तक जल संरक्षण का संदेश देती हुई कलश यात्रा निकाली गई। नगर निगम से नोडल अधिकारी श्री विवेक चौहान ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत शहर के कच्चे नालों की खुदाई, साफ-सफाई एवं पक्के नालों के जल प्रवाह को भी सुधारा गया। भूमिगत जल में बढ़ोत्तरी के प्रयास के लिए नलकूपों के पास रेन वॉटर हार्वेस्टिंग का कार्य भी निगम द्वारा किया गया। इसके साथ ही विभिन्न जल स्त्रोतों जैसे कुआं एवं बावड़ी की साफ-सफाई का कार्य भी इस अभियान में किया गया। भरतादेव प्लांट के पास स्थित नाले की सफाई से निकली गाद का उपयोग खाद के रूप में शहर के पार्कों एवं पौधों में किया जा रहा है। इस अभियान में जल संरक्षण के विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी निगम सभाकक्ष में किया गया था। शनिवार को महर्षि स्कूल में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण इसके अंतर्गत किया गया।