Home POLITICAL प्रधानमंत्री ने देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को किया लोकार्पित

प्रधानमंत्री ने देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को किया लोकार्पित

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के छिंदवाड़ा, नैनपुर एवं बालाघाट रेलवे स्टेशन आधुनिक स्वरूप में

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा।दपूमरे, नागपुर मंडल – 17 जुलाई 2026*भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी, जब माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के छिंदवाड़ा, नैनपुर एवं बालाघाट रेलवे स्टेशनों का भी विधिवत लोकार्पण किया गया। तीनों स्टेशनों पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:00 बजे अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों के आगमन के साथ हुआ। स्थानीय स्कूल बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं तथा मंचासीन अतिथियों का पौधा, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक एवं नोडल अधिकारीयों ने स्वागत उद्बोधन में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छिंदवाड़ा, नैनपुर एवं बालाघाट रेलवे स्टेशनों पर किए गए पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, दिव्यांगजन अनुकूल अवसंरचना, आकर्षक स्टेशन भवन, उन्नत प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, सुगम आवागमन, सौंदर्यीकरण तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति की झलक को समाहित करते हुए विकसित किया गया है।इस अवसर पर तीनों स्टेशनों पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी पहल है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे तथा क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यटन विकास को नई गति देंगे।

छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में बंटी विवेक साहू, सांसद (लोकसभा) तथा सुश्री अनुसुइया उइके पूर्व राज्यपाल, छत्तीसगढ़ और मणिपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। नैनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद (लोकसभा), मंडला तथा सम्पतिया उइके, राज्यमंत्री एवं विधायक, मंडला उपस्थित रहीं। वहीं बालाघाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में भारती पारधी, सांसद (लोकसभा) तथा अनुभा मुंजारे, माननीय विधायक , बालाघाट की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के उपलक्ष्य में आयोजित चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी, ड्राइंग एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के केंद्रीय कार्यक्रम का तीनों स्टेशनों पर सजीव प्रसारण किया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारतीय रेलवे के तीव्र आधुनिकीकरण, विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा विकसित भारत के निर्माण में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के पश्चात अमृत भारत स्टेशन योजना की स्मारक पट्टिका का अनावरण किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास ₹17.23 करोड़, नैनपुर रेलवे स्टेशन का ₹17.86 करोड़ तथा बालाघाट रेलवे स्टेशन का ₹8.03 करोड़ की लागत से किया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध हो रही हैं।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक – बिजय कुमार, प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता- मनीष अग्रवाल, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक- अरविन्द कुमार मेश्राम सहित नागपुर मंडल के विभागीय अधिकारीगण एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, रेल उपयोगकर्ता समिति के सदस्य, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह ने अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से भारतीय रेलवे के आधुनिक, समावेशी एवं यात्री-केंद्रित विकास के संकल्प को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें