Home AGRICULTURE कमलनाथ दिखायेंगे किसान न्याय यात्रा को हरी झंडी

कमलनाथ दिखायेंगे किसान न्याय यात्रा को हरी झंडी

WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

नकुलनाथ पूरे समय कदम से कदम मिलाकर किसानों के साथ चलेंगे

सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा:- भाजपा किसानों को एक वोट बैंक की तरह उपयोग कर रही। प्रत्येक चुनाव से पहले किसानों के लिये अनेकों लोकलुभावन घोषणायें करती है, किन्तु उन्हें कभी पूरा नहीं करती। कृषि को लाभ का धंधा बनाने की घोषणा करने वाली भाजपा सरकार में किसान आर्थिक रूप से टूट रहा और साल दर साल कर्ज के बोझ में लगातार दब रहा। केन्द्र व राज्य में भाजपा की सरकार होने के बाद भी किसानों के हित में भाजपा ने कोई कदम नहीं उठाये। उक्त उदगार आज शहर कांग्रेस की आयोजित बैठक में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने व्यक्त किये। अतिवर्षा से जिले में बर्बाद हुई फसलों का अभी तक सर्वे प्रारंभ नहीं होना भाजपा सरकार की उदासीनता व किसान विरोधी नीतियों को उजागर कर रहा। किसानों से जुड़ी ऐसी ही विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस 20 सितम्बर को किसान न्याय यात्रा निकालने जा रही है। यात्रा की तैयारियों को लेकर आज स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन में शहर कांग्रेस की आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई।

सोयाबीन की फसल को इसी सीजन से 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल के दाम से खरीदने, यूरिया की कालाबाजारी रोकने, मंडी की व्यवस्था में सुधार किया जाये ताकि किसानों को अपनी फसलों को मंडी परिसर में रखने के लिये पर्याप्त जगह मिल सके। किसानों को पर्याप्त मात्रा में डी.ए.पी. उपलब्ध कराया जाये। नकली एवं महंगा बीज किसानों को मिल रहा है इसे बंद किया जाये। सब्सिडी राशि खाते में देकर पूर्व की तरह दी जायें। खेत सड़क योजना में कार्य कराये जायें। किसानों को मूंग खरीदी राशि का भुगतान किया जाये। किसानों से बिजली बिलों की जबरन वसूली की जाकर कनेक्शन काटे जा रहे हैं इस पर तत्काल रोक लगाने सहित अन्य विभिन्न प्रमुख विषयों से भाजपा सरकार को अवगत कराने व त्वरित कार्रवाई की मांग की जावेगी ताकि किसान भाइयों को आर्थिक रूप से सहयोग प्राप्त हो सके।

आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुये जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा कि भाजपा सरकार में वैसे तो हर वर्ग परेशान है किन्तु किसान त्रस्त है, क्योंकि खेती में लगने वाली प्रत्येक सामग्री के दाम बेतहाशा महंगे हो चुके हैं और उपज को उचित मूल्य बाजार में नहीं मिल रहा। अन्नदाता लागत भी नहीं निकाल पा रहे वहीं दूसरी ओर भाजपा की सरकार विगत 20 वर्षों से किसान को दोगुनी आय का झांसा दे रही जो आज तक नहीं हो पाई। उन्होंने किसान न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ व अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों की व्यवस्थायें बनाने हेतु जिम्मेदारियां तय की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी ने कहा कि जिले व प्रदेश का किसान, आदिवासी समाज व महिला वर्ग परेशान है। बढ़ते महिला अपराध से प्रदेश शर्मशार हो रहा है और भाजपा सुशासन का ढिंढोरा पीट रही इन सभी प्रमुख बातों व किसानों की मूल समस्याओं से निजात दिलाने किसान न्याय यात्रा निकाली जा रही। कांग्रेस ने किसानों को न्याय दिलाने का निर्णय लिया है इसीलिये आंदोलन में सभी का सहयोग नितांत आवश्यक है। उन्होंने सभी अनुषांगिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुये कहा कि सभी सक्रियता से कार्य करें। आनंद बक्षी ने किसान न्याय यात्रा के सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुये कहा कि 20 सितम्बर को दोपहर 12 बजे स्थानीय दशहरा मैदान से प्रारम्भ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुये कलेक्ट्रेट पहुंचेगी।

नगर निगम अध्यक्ष सोनू मागो ने सम्बोधित करते हुये कहा कि किसानों के हित में किसान न्याय यात्रा निकाली जा रही है ताकि प्रदेश की भाजपा सरकार तक किसान भाइयों की समस्याएं पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की वादाखिलाफी से किसान त्रस्त है। भाजपा सरकार के द्वारा किसानों को लेकर की गई सभी घोषणाओं को पूरा करने के लिये आवाज उठाई जावेगी। पप्पू यादव ने सम्बोधित करते हुये न्याय यात्रा के सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुये कहा कि सम्पूर्ण मार्ग में शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। आयोजित बैठक के अंत में नितिन उपाध्याय ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजित बैठक में अजय मैद, राजीव तिवारी, राजकुमार मिश्रा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

  • WhatsApp चैनल लिंक WhatsApp चैनल जॉइन करें