सांसद ने नागपुर में की डब्ल्यूसीएल के सीएमडी से मुलाकात,
सांसद ने सीएमडी से पेंच और कन्हान के विकास को लेकर की विस्तार से चर्चा
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिन्दवाड़ा। कोयलांचल की खोई हुई रौनक को लौटाने के लिए लगातार प्रयासरत सांसद बंटी विवेक साहू ने बुधवार को नागपुर प्रवास के दौरान डब्ल्यूसीएल के सीएमडी से महत्वपूर्ण मुलाकात की है। सांसद श्री साहू की सीएमडी से मुलाकात के बाद अब कोयलांचल में शीघ्र ही चार कोयला खदानें खोलने की उम्मीदे जाग गई है। अब शीघ्र ही कोयलांचल में नई कोयला खदानें खुलने से कोयलांचल की खोई हुई रौनक फिर से लौट आएगी। सांसद श्री साहू ने सीएमडी से मुलाकात के दौरान पेंच और कन्हान क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा भी की है। सांसद ने सीएमडी से मुलाकात के दौरान कन्हान क्षेत्र में भी शीघ्र ही नई कोयला खदानें खोलने का निवेदन किया है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने सीएमडी को पत्र भी सौंपा है जिसमें उन्होंने चारों कोयला खदानों में उपलब्ध कोयले की मात्रा के साथ ही इन खदानों की लाइफ के बारे में भी विस्तार से बताया है। इस दौरान सीएमडी ने सांसद श्री साहू को बताया कि वे इन चारों खदानों को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए प्रयासरत है। जिसकी कार्यवाही मंत्रालय स्तर पर चल रही है। उन्होंने इस दौरान झुर्रे में डी.ए.व्ही. या केन्द्रीय विद्यालय प्रारंभ करने के निवेदन भी सीएमडी से किया है। उन्होंने डब्ल्यूसीएल के कर्मचारियों और पेंशनरों के इलाज के लिए छिन्दवाड़ा के प्राइवेट अस्पतालों को भी पेनल में शामिल करने का प्रस्ताव रखा हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में छिन्दवाड़ा के अस्पताल डब्ल्यूसीएल के पेनल में नहीं होने से यहा के कर्मचारियों और पेंशनरों को नागपुर या अन्य महानगरों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने डब्ल्यूसीएल के पेंशनरों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने की मांग भी की है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कोयलांचल में बंद पड़ी कोयला खदानों में अनुपयोगी पड़े पानी का उपयोग पेयजल सहित सिंचाई के लिए करने का प्रस्ताव भी सीएमडी के समक्ष रखा है। मुलाकात के दौरान सांसद श्री साहू ने परासिया नगरपालिका के द्वारा प्रस्तावित काम्पलेक्स निर्माण का मुद्दा भी उठाते हुए इसके निर्माण में डब्ल्यूसीएल के जीएम द्वारा लगाई गई आपत्ति को वापस लेने की मांग भी सीएमडी से की है। सांसद श्री साहू ने ठेका मजदूरों का मामला भी उठाते हुए सीएमडी से निवेदन किया है कि ठेका मजदूरों की शर्तों में केवल स्थानीय व्यक्तियों की शर्त जोड़ी जाए साथ ही मजदूरों की उपस्थिति की लिए बायोमीट्रिक मशीन लगाई जाए जिससे उनकी उपस्थिति का सही आंकलन करते हुए उन्हें मजदूरी का भुगतान मिल सके।
सांसद बंटी विवेक साहू ने पेंच क्षेत्र के ई.डी.सी. स्कूल परासिया के सामने डब्ल्यूसीएल की खाली जमीन पर स्टेडियम का निर्माण किए जाने, पेंच क्षेत्र की आवासीय कॉलोनी एवं बेसिक ट्रेनिंग सेन्टर छिन्दवाड़ा के रिक्त आवासों को कामगारो को अलाट किए जाने की मांग भी सीएमडी से की है। उन्होंने कन्हान क्षेत्र की प्रस्तावित कोयला खदानों में तानसी, धाउनार्थ, भाखरा, टेढ़ी ईमली को भी शीघ्र प्रारंभ करने की मांग सीएमडी से की है। उन्होंने सीएमडी से निवेदन किया है कि पेंच क्षेत्र की विष्णुपुरी व ठिसगोरा माथनी भुमिगत माइन्स को ओपनकास्ट माइन्स के रूप में चलाये जाने हेतु विचार करने का निवेदन भी किया है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कोयलांचल में इको पार्क का निर्माण भी किए जाने का निवेदन सीएमडी से किया है।
सांसद श्री साहू ने सीएमडी को बताया कि नंदन 02, भाखरा, उरधन, विष्णुपुरी कोयला खदानों को शीघ्र प्रारंभ कराया जा सकता है कृपया इसके लिए आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करे। सांसद श्री साहू ने छिन्दवाड़ा में परमानंद चिकित्सालय परिसर में सुपरवाईजरी ट्रेनिंग सेंटर में कोल इंडिया स्तरीय माईनिंग सरदार, ओवरमेन, फोनमेनों को प्रशिक्षण की सुविधा शुरू किए जाने का निवेदन भी सीएमडी से किया है। उन्होंने उरधन से शिवपुरी तक निर्मित कराई गई सड़क के निर्माण में अनियमित्ता की शिकायत करते हुए इसकी जांच कराने का निवेदन भी किया हैं।















