छात्राओं ने लगाया था दुर्व्यवहार और मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं देने का आरोप, शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित
सतपुड़ा एक्सप्रेस छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा स्थित वीरांगना लक्ष्मी बाई आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास की छात्राओं की शिकायत के बाद जनजातीय कार्य विभाग ने कार्रवाई की है। छात्राओं ने छात्रावास की व्यवस्थाओं, उनके साथ कथित दुर्व्यवहार और मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराने को लेकर शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर जांच के आदेश जारी किए गए हैं।कलेक्टर, जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा कार्यालय से 1 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, छात्राओं की शिकायत की जांच के लिए समिति का गठन किया गया है। जांच पूरी कर समिति को निर्धारित अवधि में अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधीक्षिका संगीता नामदेव को पद से हटाया ,शिकायत के बाद संगीता नामदेव, अधीक्षक (मूल पद प्राथमिक शिक्षक), वीरांगना लक्ष्मी बाई आदिवासी सीनियर कन्या छात्रावास अमरवाड़ा को आगामी आदेश तक अधीक्षिका के पद से मुक्त कर दिया गया है।वहीं, छात्रावास के रिक्त अधीक्षक पद का प्रभार ज्योति बड़घड़े, अधीक्षक पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास अमरवाड़ा को आगामी आदेश तक सौंपा गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
छात्राओं की शिकायत पर बनी तीन सदस्यीय जांच समिति दूसरे आदेश में बताया गया है कि छात्रा राजेश्वरी धुर्वे सहित अन्य 7 छात्राओं ने छात्रावास की व्यवस्था, छात्राओं से दुर्व्यवहार और मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने संबंधी शिकायत की थी।शिकायत की जांच के लिए क्षेत्र संयोजक जनजातीय कार्य विभाग की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में:1. प्रियंका सैयाम, क्षेत्र संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग — अध्यक्ष 2. सुजाता आरसे, प्राचार्य, उमाशा गोनी — सदस्य 3. लीना निगम, उच्चतर उच्चतर माध्यमिक शाला बिछुआ — सदस्य शामिल हैं।समिति को तीन दिवस के भीतर जांच पूरी कर जांच प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएगी स्थिति,छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षिका को पद से हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था की है और मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी है।















